Explore

Search

July 3, 2026 4:39 pm

दोहरे हत्याकांड का खुलासा करने वाले उप निरीक्षक भूपेंद्र चंद्रा को एसपी और आईजी ने प्रशस्ति-पत्र देकर किया सम्मानित

छत्तीसगढ़ ।दोहरे हत्याकांड सहित जघन्य अपराधों की सफल विवेचना करने पर थाना जैजैपुर में पदस्थ उप निरीक्षक भूपेंद्र चंद्रा को पिछले दिनों जिला पुलिस प्रशासन ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया है। यह प्रशस्ति-पत्र पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर एवं पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग के हस्ताक्षर से जारी किया गया।

पुलिस विभाग के अनुसार उप निरीक्षक भूपेंद्र चंद्रा ने दो महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण मामलों के खुलासे में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। इनमें 30 जुलाई 2024 को ग्राम मुक्ता में दर्ज अपराध क्रमांक 247/24, धारा 103(1) बीएनएस का मामला तथा 2 जून 2026 को थाना मालखरौदा क्षेत्र के ग्राम सेंदुरस में घटित पति-पत्नी के दोहरे हत्याकांड का सफल खुलासा शामिल है। इस मामले में अपराध क्रमांक 211/26 के तहत धारा 331(8) एवं 103(1) बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई थी।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने प्रशस्ति-पत्र में उप निरीक्षक भूपेंद्र चंद्रा की कार्यकुशलता, लगन और उत्कृष्ट विवेचना की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील और जटिल मामलों के त्वरित एवं वैज्ञानिक जांच के माध्यम से आरोपियों तक पहुंचना पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

वहीं, बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने भी इस विवेचना कार्य की प्रशंसा की है। रेंज स्तर पर मिली यह सराहना पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि नवगठित सक्ती जिले में ब्लाइंड मर्डर जैसे गंभीर मामलों का सफल खुलासा पुलिस की तकनीकी दक्षता, सूक्ष्म विवेचना और टीम वर्क का प्रमाण माना जा रहा है। उप निरीक्षक भूपेंद्र चंद्रा को मिला यह सम्मान पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS