Explore

Search

July 14, 2026 7:19 pm

धूप की मार से मुरझाए फूल, सावन से पहले महकी महंगाई

भीषण गर्मी से प्रभावित हुई फूलों की फसल, सामान्य मौसम और अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसान

बिलासपुर। इस बार लंबे समय तक पड़ी भीषण गर्मी और तेज धूप का असर फूलों की खेती पर साफ दिखाई दे रहा है। पहली खेप के फूलों से किसी तरह बाजार की मांग पूरी हो गई, लेकिन दूसरी खेप के पौधे अत्यधिक तापमान के कारण झुलस गए। इससे उत्पादन में भारी गिरावट आई है। अब फूल उत्पादक किसान सामान्य तापमान और अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं, ताकि फसल में सुधार हो सके।

पूजा-पर्व का दौर शुरू होने के साथ ही फूलों की मांग बढ़ गई है। हालांकि उत्पादन घटने के कारण बाजार में फूलों की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। कारोबारियों का कहना है कि आवक कम होने से आने वाले दिनों में कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।

गेंदा 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंचा

पूजा-पाठ में सबसे अधिक उपयोग होने वाले गेंदा फूल की आवक इस वर्ष करीब 50 से 60 प्रतिशत तक कम हो गई है। स्थानीय फूल बाड़ियों के अलावा पश्चिम बंगाल से भी गेंदा की आपूर्ति होती है, लेकिन दूसरी खेप के पौधे भीषण गर्मी की चपेट में आकर खराब हो गए। इसका सीधा असर बाजार भाव पर पड़ा है। पहली बार गेंदा फूल 200 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है।

गुलाब के दाम भी बढ़े

सामान्य दिनों में 10 से 15 रुपये प्रति नग मिलने वाला गुलाब अब 20 से 25 रुपये प्रति नग तक बिक रहा है। फूल उत्पादकों का कहना है कि सावन और अन्य पर्वों के दौरान मांग बढ़ने पर कीमतों में और इजाफा हो सकता है। वहीं कनेर, मोगरा और बेलपत्र की उपलब्धता भी प्रभावित हुई है। आम दिनों में 5 से 15 रुपये में मिलने वाले अन्य फूल भी इस समय महंगे दामों पर बिक रहे हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS