बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका निवासी एक सेवानिवृत्त कर्मचारी से जमीन दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत की जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर सरकंडा पुलिस ने आरोपी प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मोपका स्थित गणपति होम्स निवासी शंभुनाथ मिश्रा डीएवी पब्लिक स्कूल, भटगांव जिला सूरजपुर से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल की दीवार पर जमीन बिक्री का एक विज्ञापन लगा था, जिसमें मुकेश सिंह नामक व्यक्ति का मोबाइल नंबर दिया गया था। विज्ञापन देखकर उन्होंने संपर्क किया, जिसके बाद दोनों की मुलाकात सरकंडा स्थित बसंत विहार के पास एटमस्फेयर में हुई।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने चिल्हाटी रोड के पास लगभग 1200 वर्गफुट जमीन दिखाकर बुकिंग के नाम पर 21 हजार रुपये अग्रिम ले लिए। इसके बाद जमीन की रजिस्ट्री कराने का भरोसा देकर शेष राशि जमा कराने को कहा। इस पर शंभुनाथ मिश्रा ने अपने भविष्य निधि से 4 लाख 79 हजार रुपये निकालकर आरोपी के खाते में जमा कर दिए। इस तरह आरोपी को कुल पांच लाख रुपये का भुगतान किया गया।
आरोप है कि पूरी राशि मिलने के बाद भी आरोपी ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई। रजिस्ट्री के संबंध में पूछने पर वह लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया और न ही रकम वापस की।
पीड़ित ने अपनी शिकायत के साथ जमीन बिक्री का विज्ञापन, बैंक भुगतान से संबंधित दस्तावेज और अन्य साक्ष्य पुलिस को सौंपे। शिकायत की जांच के बाद सरकंडा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धोखाधड़ी की धारा के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
प्रधान संपादक


