Explore

Search

July 3, 2026 12:13 pm

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बम्हनीडीह के विकास के लिए तीन बड़ी घोषणाएं कीं

रायपुर।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह में नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर क्षेत्र के विकास के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने दहिदा-बम्हनीडीह के बीच हसदेव नदी पर पुल निर्माण, बिजली विभाग का सब डिवीजन कार्यालय तथा सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन के निर्माण की घोषणा की।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय स्वशासन लोकतंत्र की सबसे सशक्त कड़ी है। नगर पंचायतें केवल प्रशासनिक इकाइयाँ नहीं, बल्कि नागरिकों की आकांक्षाओं को धरातल पर उतारने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि नवगठित नगर पंचायत बम्हनीडीह के प्रथम जनप्रतिनिधियों पर विकास के साथ नई कार्यसंस्कृति और जनविश्वास की नींव मजबूत करने की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री रमेश कुमार डडसेना एवं सभी पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उसका परिणाम पारदर्शी प्रशासन, संवेदनशील कार्यशैली और विकास के रूप में दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल आधारभूत संरचनाओं का विस्तार करना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधासंपन्न बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार ने विकास को गति देते हुए हर वर्ग के कल्याण को प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है, महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है तथा युवाओं के लिए रोजगार और अवसर सृजित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण केवल बड़े शहरों के विकास से नहीं, बल्कि बम्हनीडीह जैसे उभरते नगरीय क्षेत्रों को सशक्त बनाने से होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी नगरीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, बेहतर नागरिक सेवाओं और सुनियोजित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बम्हनीडीह नगर पंचायत आने वाले समय में जनभागीदारी, सुशासन और विकास का आदर्श मॉडल बनेगी।

कार्यक्रम को कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े तथा विधायक किरण सिंह देव ने भी संबोधित किया। समारोह में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, नारायण चंदेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS