Explore

Search

July 1, 2026 9:08 pm

बस्तर रेंज के नए आईजी बने बद्रीनारायण मीणा, सुन्दरराज पट्टलिंगम ने सौंपा पदभार

सुन्दरराज पट्टलिंगम भारत सरकार में प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण एनआईए में आईजी के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे

आईजी मीणा ने बस्तर में स्थायी शांति, सुरक्षा एवं समावेशी विकास के लिए सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई

जगदलपुर। बस्तर रेंज के नए पुलिस महानिरीक्षक आईजी के रूप में आईपीएस बद्रीनारायण मीणा ने पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने आईपीएस सुन्दरराज पट्टलिंगम का स्थान लिया, जिन्हें भारत सरकार में प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण एनआईए में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पदभार ग्रहण समारोह पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, जगदलपुर कार्यालय में आयोजित किया गया। इस अवसर पर बस्तर जिले के पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित बस्तर रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान निवर्तमान आईजी सुन्दरराज पट्टलिंगम ने बद्रीनारायण मीणा का स्वागत करते हुए उनके सफल और सुरक्षित कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि बस्तर पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी नए आईजी को भी वही सहयोग, समर्पण और टीम भावना प्रदान करेंगे, जो उन्हें अपने कार्यकाल के दौरान लगातार मिली।

 सुन्दरराज पट्टलिंगम ने अपने संबोधन में शासन, पुलिस मुख्यालय, बस्तर की जनता, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सुरक्षा बलों, नागरिक प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, मीडिया तथा सभी हितधारकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में मिली उपलब्धियां सभी संबंधित पक्षों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और समन्वय का परिणाम हैं।

उन्होंने वामपंथी उग्रवाद के विरुद्ध अभियान के दौरान शहीद हुए पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा मीडिया कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही मिशन-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन में सभी हितधारकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन की परिकल्पना है, जिसका उद्देश्य बस्तर में स्थायी शांति, सुरक्षा और विकास स्थापित करना है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बद्रीनारायण मीणा के नेतृत्व में मिशन-2026 को और गति मिलेगी तथा बस्तर स्थायी शांति, समावेशी विकास और समृद्धि के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा।

नवनियुक्त आईजी बद्रीनारायण मीणा ने कहा कि वह पूर्व वर्षों की उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए सभी हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करेंगे। उन्होंने बस्तर में शांति, सुरक्षा, विकास और जनविश्वास को और अधिक मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS