रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ और चोरी की संपत्ति के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पूंजीपथरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20.25 लाख रुपये मूल्य का संदिग्ध लोहे का स्क्रैप और उसे परिवहन कर रहे ट्रक को जब्त किया है। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 30 जून को सूचना मिली थी कि कुनकुरी से एक 12 चक्का ट्रक में भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप लोड कर पूंजीपथरा की ओर लाया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तमनार चौक में घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक CG-14-D-0528 को रोककर जांच की।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम सुलतान खान (58) निवासी आजाद मोहल्ला, कुनकुरी बताया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें करीब 7.5 टन लोहे का स्क्रैप मिला। पुलिस द्वारा स्क्रैप के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर 7.5 टन लोहे का स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत 5.25 लाख रुपये बताई गई है, तथा करीब 15 लाख रुपये मूल्य का 12 चक्का टाटा ट्रक जब्त कर लिया। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 20.25 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, एएसआई उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह और आरक्षक राजेश सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
क्या कहा एसएसपी ने

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़, चोरी की संपत्ति और संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। बिना वैध दस्तावेज के कबाड़ का परिवहन अथवा कारोबार करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
प्रधान संपादक


