Explore

Search

July 14, 2026 7:05 pm

एनटीपीसी टाउनशिप के पंप हाउस में प्लंबर का शव फंदे पर मिला, जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर। जिले के सीपत स्थित एनटीपीसी टाउनशिप परिसर में उस समय सनसनी फैल गई, जब पंप हाउस के भीतर एक संविदा प्लंबर का शव फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही एनटीपीसी के सुरक्षाकर्मी और सीपत पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मस्तूरी क्षेत्र के वेद परसदा निवासी प्रभात कुमार यादव (47) एनटीपीसी में संविदा कर्मचारी के रूप में प्लंबर का कार्य करता था। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ एनटीपीसी टाउनशिप में ही रहता था। उसकी पत्नी भी टाउनशिप में एक कर्मचारी के घर घरेलू सहायिका के रूप में कार्यरत है।

बताया जा रहा है कि प्रभात पिछले करीब 15 दिनों से काम पर नहीं जा रहा था। सोमवार को वह टाउनशिप स्थित पंप हाउस की ओर गया। कुछ देर बाद जब कर्मचारी वहां पहुंचे तो उन्होंने प्रभात का शव फंदे से लटका देखा। इसके बाद तत्काल एनटीपीसी के सुरक्षा विभाग और सीपत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS