छत्तीसगढ़,बिलासपुर। अरपापार को पृथक नगर निगम का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर सीपत चौक में नागरिक सुरक्षा मंच तथा अरपापार के विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने सरकार से शीघ्र पृथक अरपापार नगर निगम के गठन की मांग उठाई।
धरने को संबोधित करते हुए नागरिक सुरक्षा मंच के संयोजक अमित तिवारी ने कहा कि पिछले करीब 30 वर्षों से क्षेत्र के लोग पृथक नगर निगम की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के कारण तेजी से विकसित हो रहे अरपापार क्षेत्र को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान स्थानीय विधायक ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में अरपापार को पृथक नगर निगम का दर्जा दिलाने को प्राथमिकता बताया था। उनका आरोप है कि चुनावी वादा किए जाने के बावजूद अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। ऐसे में नागरिक सुरक्षा मंच “जो वादा किया, वो निभाना पड़ेगा” अभियान चलाकर जनप्रतिनिधियों को उनकी घोषणा की याद दिलाएगा।
अमित तिवारी ने आंदोलन की आगामी रूपरेखा भी घोषित की। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 10 जुलाई को मानव शृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। दूसरे चरण में मशाल जुलूस निकालकर मांग को और मुखर किया जाएगा। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं होने पर वह 15 अगस्त से आमरण अनशन शुरू करेंगे।
धरने को गौरव तिवारी, देवेंद्र मिश्रा, दिलीप पाटिल, श्याम मोहन दुबे, रामकुमार यादव, अमित सोनकर, लाम बोले, करम गोरख, रमेश सोनकर, अजय कापसे, कमल साहू, दिनेश पांडेय, अजीत नाविक, शेखर यादव, विक्की यादव सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। सभी ने एक स्वर में अरपापार को पृथक नगर निगम का दर्जा देने की मांग का समर्थन किया।
प्रधान संपादक


