Explore

Search

August 20, 2026 10:58 am

बस्तर रेंज को नया आईजी मिला, बद्रीनारायण मीणा संभालेंगे कमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी बद्रीनारायण मीणा को बस्तर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक आईजी नियुक्त किया है। राज्य के गृह (पुलिस) विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।

यह नियुक्ति बस्तर रेंज के निवर्तमान आईजी सुंदरराज पी. के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद की गई है। बस्तर क्षेत्र माओवादी गतिविधियों से प्रभावित होने के कारण यहां के आईजी का पद सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।

गृह विभाग के आदेश के अनुसार, 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी बद्रीनारायण मीणा अब तक पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) नवा रायपुर में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत थे। उन्हें आगामी आदेश तक पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज (जगदलपुर) के पद पर पदस्थ किया गया है। उनके जिम्मे बस्तर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, नक्सल विरोधी अभियान और स्थानीय पुलिस प्रशासन के समन्वय की जिम्मेदारी रहेगी।

वहीं, 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी सुंदरराज पी. को केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी में इंस्पेक्टर जनरल आईजी के पद पर नियुक्त किया है। उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद बस्तर आईजी का पद रिक्त हो गया था।

सुंदरराज पी. को छत्तीसगढ़ में माओवादी विरोधी अभियानों की रणनीति तैयार करने वाले प्रमुख अधिकारियों में माना जाता है। उनके कार्यकाल में सुरक्षा बलों ने बस्तर के कई दुर्गम क्षेत्रों में अभियान चलाकर माओवादी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में सफलता हासिल की थी। अब बद्रीनारायण मीणा के नेतृत्व में बस्तर में सुरक्षा अभियानों और कानून-व्यवस्था को लेकर नई रणनीतियों पर अमल होने की उम्मीद जताई जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS