Explore

Search

June 25, 2026 4:12 pm

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मिले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्वास्थ्य सेवाओं और किसानों के मुद्दों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली, 25 जून। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, चिकित्सा अधोसंरचना के विकास, औषधि एवं उर्वरक क्षेत्र सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। विशेष रूप से दूरस्थ, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य चिकित्सा संस्थानों का विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं राज्य के भीतर ही उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

बैठक में कृषि क्षेत्र से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को खाद और बीज की समय पर तथा पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। खरीफ सीजन के दौरान कृषि आदानों की आपूर्ति सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि खाद वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा किसी भी प्रकार की लापरवाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और नई तकनीकों को अपनाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को यह भी अवगत कराया कि राज्य सरकार नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा दे रही है। किसानों को इनके लाभों की जानकारी देने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे खेती की लागत कम हो और उत्पादन क्षमता में वृद्धि हो सके।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र के सहयोग से स्वास्थ्य, कृषि और जनकल्याण के क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय को विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने राज्य के विकास कार्यों में केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS