Explore

Search

June 12, 2026 5:31 pm

डायल-112 की तत्परता परखने आधी रात सड़क पर उतरे एसएसपी भोजराम पटेल , 22 मिनट में पहुंची टीम

एसएसपी भोजराम पटेल का कहना है कि डायल-112 सेवा को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास,आमजन से संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश”

मुंगेली। आम लोगों को आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित डायल-112 सेवा की कार्यप्रणाली और रिस्पांस टाइम का परीक्षण करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने शुक्रवार देर रात औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं शिकायतकर्ता बनकर दुर्घटना की सूचना दी और पुलिस की प्रतिक्रिया का जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार, रात 11:38 बजे एसएसपी ग्राम कोदवाबानी पहुंचे। यह क्षेत्र थाना जरहागांव, लालपुर और सिटी कोतवाली के बीच स्थित है। यहां से उन्होंने डायल-112 पर सड़क दुर्घटना और मौके पर भीड़ जुटने की सूचना दी। सूचना मिलने के तीन मिनट के भीतर कंट्रोल रूम से रिस्पांस कॉल आया और टीम ने 15 से 20 मिनट में पहुंचने की जानकारी दी। इसके बाद रात 11:44 बजे डायल-112 वाहन के रवाना होने का संदेश भी प्राप्त हुआ।

करीब 22 मिनट में डायल-112 की टीम घटनास्थल पहुंच गई। एसएसपी ने स्वयं वाहन में बैठकर स्क्रीन पर दर्ज जानकारी देखी और स्टाफ की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने आरक्षक सुनील खांडे समेत मौजूद कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद रात 1:10 बजे बस स्टैंड मुंगेली में एक अन्य दुर्घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी स्वयं डायल-112 वाहन में सवार होकर मौके पर पहुंचे। रात 1:20 बजे उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान 108 एंबुलेंस सेवा के पहुंचने पर उसकी कार्यप्रणाली का भी परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान डायल-112 वाहन चालक निर्धारित वर्दी में नहीं मिला। इस पर एसएसपी ने ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से निर्धारित यूनिफॉर्म पहनने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने दिए आमजन से संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश

निरीक्षण के बाद एसएसपी भोजराम पटेल ने डायल-112 स्टाफ को निर्देशित किया कि महिला सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं, आपातकालीन स्थितियों और अपराध संबंधी सूचनाओं पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर शीघ्र पहुंचकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा आम नागरिकों के साथ सौम्य और संवेदनशील व्यवहार करते हुए पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS