Explore

Search

June 10, 2026 4:41 pm

शादी का झांसा देकर महिला का शोषण और ब्लैकमेलिंग: पुलिसकर्मी बनकर ठगने वाला फर्जी ‘वर्दीधारी’ गिरफ्तार

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा,उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों की बातों और उनकी झूठी पहचान पर आसानी से भरोसा न करें”

रायगढ़: रायगढ़ पुलिस ने अभियान संवेदना के तहत एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने पुलिसकर्मी बनकर एक महिला को प्रेमजाल में फंसाया और फिर दुष्कर्म व ब्लैकमेलिंग जैसी घिनौनी वारदातों को अंजाम दिया। आरोपी खुद को पुलिस विभाग का अधिकारी बताकर महिला को धोखा दे रहा था, जबकि वास्तविकता में वह एक निजी सुरक्षा गार्ड निकला।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि थाना चक्रधरनगर क्षेत्र की 40 वर्षीय महिला ने 28 मई को शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि मार्च 2026 में कोरबा रेलवे स्टेशन पर उसकी मुलाकात बिलासपुर निवासी अक्षय कुमार कुम्हरानी से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को पुलिस विभाग में कार्यरत बताते हुए वर्दीधारी तस्वीरें दिखाईं और विवाह का प्रस्ताव रखकर महिला से संपर्क बढ़ाया।

शिकायत के मुताबिक, महिला के अकेले रहने की जानकारी मिलने पर आरोपी उसके गांव पहुंचा और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान उसने महिला की जानकारी के बिना उसके अंतरंग फोटो और वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए।

महिला ने आरोप लगाया कि 7 मई को रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में मां के इलाज के दौरान भी आरोपी उससे मिला और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर संबंध बनाए रखने का दबाव बनाता रहा। बाद में 27 मई को आरोपी ने महिला के अश्लील फोटो और वीडियो इंस्टाग्राम एवं फेसबुक पर अपलोड कर दिए। साथ ही व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के जरिए अश्लील संदेश भेजकर जान से मारने की धमकी देते हुए ब्लैकमेल करता रहा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना चक्रधरनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अक्षय कुमार कुम्हरानी (31 वर्ष), निवासी थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रियलमी सी-3 मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धाराओं 66-ई, 67 और 67-ए के तहत अपराध दर्ज किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े अपराधों में रायगढ़ पुलिस संवेदनशीलता के साथ कठोर वैधानिक कार्रवाई कर रही है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों की झूठी पहचान और प्रलोभन से सावधान रहने की अपील भी की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS