Explore

Search

July 26, 2026 10:02 am

आश्रय की तलाश कर रही बहन को मिला सहारा, पांजरा में सद्भावना की प्रेरक मिसाल

वर्धा, 7 जून 2026। मानवता और सामाजिक संवेदनशीलता का प्रेरक उदाहरण वर्धा जिले के पांजरा बंगला गांव में देखने को मिला। कोल्हापुर जिले के कबनूर निवासी समाजसेवी एन. एन. काज़ी ने एक जरूरतमंद महिला के घर निर्माण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान कर सामाजिक उत्तरदायित्व की मिसाल पेश की है।

जानकारी के अनुसार, इंटीग्रेटेड सोसायटी ऑफ मीडिया प्रमोटर्स (आईएसएमपी), लखनऊ के अध्यक्ष चंद्रशेखर द्वारा 7 एवं 8 फरवरी 2026 को वर्धा में आयोजित अधिवेशन में एन. एन. काज़ी ने भाग लिया था। अधिवेशन के दौरान आयोजित जंगल भ्रमण के समय उनकी नजर पांजरा बंगला निवासी छबीबाई शेषराव जाधव के जर्जर एवं टूटे हुए घर पर पड़ी। घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण छबीबाई खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर थीं।

स्थिति से प्रभावित होकर एन. एन. काज़ी ने उसी दौरान आयोजित एक सभा में घर की मरम्मत एवं निर्माण के लिए सहयोग करने की घोषणा की। इसके बाद उन्होंने अपने मित्रों, रिश्तेदारों और परिचितों से सहयोग राशि एकत्रित कर 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।

यह सहायता राशि वर्धा के वन्यजीव संरक्षक कौशल मिश्र, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी बी. एस. मिरगे, एबेकस अकादमी की संचालिका निलीमा मुणोत तथा अधिवक्ता ताम्रध्वज बोरकर के माध्यम से छबीबाई जाधव को सौंपी गई।

इस अवसर पर पांजरा बंगला के सरपंच शेषराव आड़े, सहायक वन संरक्षक एम. आड़े, वन रक्षक शिवाजी सावंत तथा अक्षय जाधव उपस्थित रहे। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता और मानवीय संवेदना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। सरपंच शेषराव आड़े ने ग्राम विकास कार्यों में भी सहयोग का आश्वासन दिया।

कोल्हापुर से लगभग 1200 किलोमीटर दूर रहकर एक जरूरतमंद महिला की सहायता के लिए आगे आना समाज में सद्भावना और परस्पर सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है। छबीबाई जाधव और ग्रामीणों ने एन. एन. काज़ी तथा स्वातंत्र्यवीर निजामुद्दीन काज़ी सद्भावना केंद्र के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों तथा आईएसएमपी के पदाधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए छबीबाई के आंगन में वृक्षारोपण भी किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS