Explore

Search

July 26, 2026 11:08 am

बिलासपुर में यातायात नियमों पर अब और सख्ती: एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस अधिकारियों को दिए विशेष निर्देश

बिलासपुर। शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर सख्ती बढ़ाने का फैसला किया है। डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह ने यातायात पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों की विशेष बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अब और अधिक प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS), नेक्स्ट-जेन एम-परिवहन ऐप, अपडेटेड पीओएस मशीन और बॉडी-वॉर्न कैमरों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे नियम उल्लंघन करने वालों पर सटीक और पारदर्शी कार्रवाई की जा सके।

ट्रिपल-ई मॉडल पर काम कर रही पुलिस

शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ट्रिपल-ई (Education, Engineering और Enforcement) मॉडल को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। इसके तहत लोगों को जागरूक करने, सड़क व्यवस्था में सुधार और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उल्लंघनों पर रहेगी विशेष नजर

यातायात पुलिस द्वारा निम्नलिखित नियम उल्लंघनों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा

  • शराब पीकर वाहन चलाना
  • तेज रफ्तार एवं लापरवाही से ड्राइविंग
  • वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग
  • बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन संचालन
  • ट्रैफिक सिग्नल जंप करना
  • नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा करना
  • मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग
  • नो-एंट्री नियमों का उल्लंघन

एएसपी यातायात करियारे की आमजन से सहयोग की अपील

एएसपी यातायात रामगोपाल करियारे ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। सड़क पर निर्धारित लेन में चलें, गति सीमा का पालन करें तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और प्रभावी निगरानी के जरिए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा बिलासपुर में बेहतर यातायात व्यवस्था स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS