दंतेवाड़ा। सुशासन तिहार 2026 के तहत ग्राम चेरपाल में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण पहल करते हुए विकासखंड कुआकोंडा और कटेकल्याण के आठ संकुल स्तरीय संगठनों को आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना (एजीईवाई) के तहत टाटा मैजिक सवारी वाहनों की चाबी सौंपी। मुख्यमंत्री ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और समूहों से जुड़ी महिलाओं को शुभकामनाएं दीं।
अधिकारियों ने बताया कि आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर सृजित करना और दूरस्थ इलाकों में परिवहन सुविधाओं को मजबूत बनाना है। योजना के तहत प्रत्येक वाहन के लिए लगभग पांच लाख रुपये की अनुदान सहायता प्रदान की गई है। इन वाहनों के संचालन से स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को नियमित आय का साधन उपलब्ध होगा, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात सुविधा भी बेहतर होगी।
कार्यक्रम में बताया गया कि जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में जिले के 41 हजार 110 परिवारों को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर विभिन्न स्वरोजगार और आयवर्धन गतिविधियों से जोड़ा गया है। समूहों की महिलाएं कृषि आधारित कार्यों, पशुपालन, लघु उद्योग, वनोपज प्रसंस्करण और अन्य आजीविका गतिविधियों के माध्यम से अपनी आय में वृद्धि कर रही हैं।
अधिकारियों के अनुसार वाहनों के संचालन से दूरस्थ गांवों के लोगों को सुलभ, सुरक्षित और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों का बाजारों, स्वास्थ्य केंद्रों, शैक्षणिक संस्थानों और जिला मुख्यालय से संपर्क बेहतर होगा। साथ ही महिलाओं को वाहन संचालन और प्रबंधन के जरिए स्थायी आय का स्रोत प्राप्त होगा, जिससे उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों की महिलाएं आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला बनकर उभरी हैं। शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त होकर समाज और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना उनके लिए रोजगार और आय का नया अवसर लेकर आई है। उनका कहना था कि इस योजना से न केवल समूहों की आय बढ़ेगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी। महिलाओं ने इसे आर्थिक सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
प्रधान संपादक


