Explore

Search

May 25, 2026 10:41 pm

एसएसपी रजनेश सिंह की फटकार पर कोयला चोरी के मामले में हिर्री पुलिस की बड़ी कार्रवाई,5 आरोपी गिरफ्तार

“एसएसपी रजनेश सिंह का कहना है कि जिले में कोयला चोरी, हेराफेरी और काले कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी”

बिलासपुर। जिले में कोयला हेराफेरी और अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए हिर्री पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने कोयले की गुणवत्ता बदलकर करोड़ों के खेल को अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए कोल डिपो संचालक, वाहन मालिक और तीन चालकों सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

एसएसपी के मुताबिक मामला थाना हिर्री के अपराध क्रमांक 123/2026 से जुड़ा है, जिसमें बीएनएस की धारा 316(3), 317(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी आशीष केशरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कोल परिवहन और लिफ्टिंग का कार्य करता है। एसईसीएल अमेरा विश्रामपुर क्षेत्र से उच्च गुणवत्ता वाला जी-6 ग्रेड कोयला ट्रेलरों में लोड कर सिलतरा स्थित गोपाल स्पंज एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड भेजा गया था।

आरोप है कि रास्ते में पेण्ड्रीडीह चौक के पास वाहन मालिक गंगा प्रसाद साहू और उसके सहयोगियों ने ट्रेलरों को नरेश अग्रवाल के कोल डिपो में ले जाकर प्रत्येक वाहन से करीब पांच-पांच टन उच्च गुणवत्ता वाला कोयला उतरवाया। इसके बदले कम गुणवत्ता वाला 4700 जीसीव्ही कोयला लोड कर प्लांट भेज दिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और सीएसपी डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान, जब्ती कार्रवाई और कोयले के नमूनों की जांच कराई।

जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने कोल डिपो संचालक नरेश अग्रवाल, वाहन मालिक गंगा प्रसाद साहू तथा चालक फिरोज अंसारी, निसार अंसारी और इमरान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS