बिलासपुर, 22 मई 2026। प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की जा रही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सेवा के प्रभावी संचालन को लेकर जल संसाधन परिसर स्थित प्रार्थना सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हुए, जबकि जनपद स्तरीय अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल तथा अपर कलेक्टर शिव कुमार बनर्जी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी अशोक चौबे द्वारा दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली, शिकायतों के पंजीयन, समय-सीमा में निराकरण, विभागीय जवाबदेही, मॉनिटरिंग व्यवस्था तथा शिकायतकर्ता फीडबैक प्रणाली की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि फिलहाल योजना टेस्टिंग मोड में है और मुख्यमंत्री द्वारा शीघ्र ही इस सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।
कार्यक्रम में बताया गया कि शिकायतकर्ता का फीडबैक पूरी व्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शासन की महत्वपूर्ण जनहितकारी पहल है, जिसके माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ लिया जाए, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों को प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी का व्यवहारिक उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न हो, बल्कि ऐसा हो जिससे शिकायतकर्ता को वास्तविक संतुष्टि मिले और शासन के प्रति उसका विश्वास मजबूत हो। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सेवा शुरू होने से आम नागरिकों की शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया और अधिक सुलभ एवं प्रभावी होने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रधान संपादक


