मुंगेली, 22 मई। एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर सरगांव थाना पुलिस एवं साइबर टीम ने बारात में चाकूबाजी कर हत्या करने के मामले में फरार आरोपी रवि वर्मा को पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले का मुख्य आरोपी सुधीर केवट पूर्व में ही गिरफ्तार कर जिला जेल मुंगेली भेजा जा चुका है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8-9 मई की रात बारात से लौट रहे बारातियों के साथ आरोपी रवि वर्मा एवं उसके साथी सुधीर केवट ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए चाकू एवं हाथ-मुक्कों से मारपीट की थी। घटना में लक्ष्मी प्रधान की मौत हो गई थी, जबकि सूरज कश्यप सहित अन्य लोग घायल हुए थे। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे।
मामले में थाना सरगांव में अपराध क्रमांक 89/2026 के तहत धारा 296, 103(1), 109, 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। पुलिस ने पहले ही मुख्य आरोपी सुधीर केवट को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि रवि वर्मा लगातार ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।
एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में साइबर टीम एवं थाना सरगांव पुलिस की संयुक्त टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन से उज्जैन से लौट रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पहुंची और घेराबंदी कर ट्रेन में आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया और उज्जैन में महाकाल दर्शन के लिए जाना बताया, लेकिन बाद में उसने घटना में शामिल होना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद वह गिरफ्तारी के डर से उज्जैन में छिपकर रह रहा था तथा पैसे खत्म होने पर वापस लौट रहा था। आगे वह जगन्नाथ पुरी जाने की योजना बना रहा था।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष कुमार शर्मा, उप निरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी, प्रधान आरक्षक यशवंत डाहिरे, आरक्षक राहुल यादव, राम कश्यप, हकीम अली एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रधान संपादक


