Explore

Search

May 22, 2026 4:48 pm

रायगढ़ एसएसपी की सख्ती से मचा हड़कंप, एक दिन में 120 वाहनों पर कार्रवाई,डेढ़ लाख का जुर्माना वसूला गया

“एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने कहा कि तेज रफ्तार और नियमों की अनदेखी कई परिवारों के लिए बन रही त्रासदी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील ”

छत्तीसगढ़ ।सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस ने अब सख्त रुख अपना लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक ही दिन में 120 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 1,51,700 का चालान वसूला गया। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही।

डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में हाईवे और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। सबसे बड़ी कार्रवाई गेरवानी–पूंजीपथरा मार्ग पर हुई, जहां भारी वाहनों को निशाने पर लेते हुए रिकॉर्ड चालानी कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान ओवर स्पीड, खतरनाक ड्राइविंग, नो पार्किंग, बिना हेल्मेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने साफ संकेत दिए हैं कि अब सड़क पर लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हाल ही में पुसौर थाना क्षेत्र में हुए दो गंभीर सड़क हादसों के बाद प्रशासन और पुलिस दोनों अलर्ट मोड पर हैं। इन मामलों में आरोपित वाहन चालकों के खिलाफ आपराधिक मानव वध जैसी गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। इससे यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि सड़क दुर्घटनाओं को अब केवल हादसा मानकर नहीं छोड़ा जाएगा, बल्कि लापरवाही साबित होने पर कठोर कानूनी कार्रवाई होगी।

एसएसपी रायगढ़ आईपीएस शशि मोहन सिंह ने कहा कि तेज रफ्तार और नियमों की अनदेखी कई परिवारों के लिए त्रासदी बन रही है। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की।

रायगढ़ यातायात डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह पुलिस का कहना है कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS