कभी तंगी में घर-घर बेचे अखबार, आज राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों पर युवाओं की आवाज बने अमन
माय भारत से मिली पहचान, अब “कोई युवा पीछे न छूटे” के मिशन में जुटे अमन कुमार
अखबार पढ़कर योजनाओं से जुड़े अमन, अब देशभर के लाखों युवाओं को दिखा रहे नई राह
बागपत, 21 मई। कभी गांव-गांव साइकिल पर अखबार बेचने वाला बागपत का युवा आज देश के टॉप यूथ आइकॉन में अपनी पहचान बना चुका है। जनपद बागपत के युवा अमन कुमार को विशेष आमंत्रण पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया से संवाद का अवसर मिला, जहां उन्होंने युवाओं से जुड़े अपने अनुभव, उपलब्धियां और नवाचारी प्रयास साझा किए।
नई दिल्ली में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने अमन कुमार के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके संघर्ष और उपलब्धियों को प्रेरणादायी बताया। ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर देशभर में युवाओं के लिए काम कर रहे अमन को इससे पहले उत्तर प्रदेश सरकार के सर्वोच्च युवा सम्मान ‘स्वामी विवेकानंद यूथ अवॉर्ड’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।
अमन कुमार के जीवन में बड़ा बदलाव तब आया जब वह माय भारत से जुड़े। डिप्टी डायरेक्टर अरुण तिवारी ने उनकी प्रतिभा को पहचानते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद अमन ने ‘प्रोजेक्ट कॉन्टेस्ट 360’ के माध्यम से देशभर के 84 लाख युवाओं को शैक्षिक और करियर अवसरों से जोड़ने का कार्य किया।
बागपत प्रशासन के साथ स्वैच्छिक रूप से कार्य करते हुए अमन कुमार ने कांवड़ यात्रा एप, स्वीप बागपत एप और सूचना सेतु एप जैसे कई तकनीकी समाधान विकसित किए। युवाओं को सरकारी योजनाओं और अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से वह लगातार सक्रिय हैं। उनका लक्ष्य है कि कोई युवा पीछे न छूटे।
नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में अमन कुमार ने गांव, जनपद और प्रदेशभर के युवाओं के विचारों के आधार पर तैयार 40 सुझाव केंद्रीय मंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए। डॉ. मनसुख मांडविया ने इन सुझावों की सराहना करते हुए विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं को ‘पंच प्रण’ अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर अमन कुमार ने बागपत के युवाओं के लिए केंद्रीय मंत्री से विशेष ऑटोग्राफ भी प्राप्त किया।
अमन कुमार ने जनपद बागपत लौटकर जिलाधिकारी अस्मिता लाल और जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी से अपने अनुभव साझा किए तथा युवाओं को आगे बढ़ाने में प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। वह पिछले पांच वर्षों से सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय हैं और माय भारत से सम्बद्ध उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष भी हैं।
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में अमन कुमार ने उत्तर प्रदेश के ग्रुप कैप्टन के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के समक्ष प्रदेश के युवाओं के दल का नेतृत्व किया था।
एक समय मजबूरी में अखबार बेचने वाले अमन आज युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि अखबार पढ़कर ही उन्हें योजनाओं और अवसरों की जानकारी मिली, जिसने उनके जीवन की दिशा बदल दी। आज वह देशभर में युवाओं को जागरूक करने और आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।
अमन कुमार को स्वयं नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी भी सम्मानित कर चुके हैं। हाल ही में उन्हें उत्तर प्रदेश विधानसभा में 75 जनपदों के युवाओं के बीच यूथ आइकॉन के रूप में सम्मानित किया गया। वर्ष 2025 में उन्हें स्वयंसेवा क्षेत्र के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय ‘आई वॉलंटियर यूथ चैंपियन अवॉर्ड’ से भी नवाजा जा चुका है।
प्रधान संपादक


