Explore

Search

May 21, 2026 7:37 pm

अवैध खनन पर बिलासपुर में बड़ी कार्रवाई, 2 पोकलेन-1 जेसीबी समेत 20 वाहन जब्त

बिलासपुर। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाते हुए 2 पोकलेन मशीन, 1 जेसीबी मशीन सहित 20 वाहनों को जब्त किया है। कार्रवाई 7 मई से 20 मई 2026 के बीच की गई।

उप संचालक खनिज प्रशासन किशोर गोलघाटे ने बताया कि सीपत क्षेत्र के ग्राम महमंद में खनिज परिवहन कर रहे वाहनों की जांच की गई। इस दौरान बिना वैध अभिवहन पास के रेत परिवहन करते पाए जाने पर दो हाईवा वाहनों को जब्त किया गया। एक वाहन को जांच चौकी लावर लाया गया, जबकि दूसरे वाहन का चालक वाहन को सड़क पर छोड़कर चाबी लेकर फरार हो गया।

अधिकारी ने बताया कि वाहन मालिक को तत्काल सूचना दी गई, लेकिन उसके उपस्थित नहीं होने पर संबंधित वाहन स्वामी के खिलाफ थाना तोरवा में एफआईआर दर्ज कराई गई है। मामले में पुलिस नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।

खनिज विभाग की टीम ने चकरभाठा, बोदरी, सकरी, बेलगहना, रतनखण्डी, करहीकछार, सलका, पोड़ी, महमंद, लालखदान, मंगला, मस्तूरी, चौरमट्टी और लखराम समेत विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान बिना वैध दस्तावेज के खनिज परिवहन करते पाए जाने पर अवैध रेत परिवहन के 14, मुरूम के एक, चूनापत्थर के दो तथा मिट्टी-ईंट के तीन प्रकरण दर्ज किए गए।

कार्रवाई के तहत 12 हाईवा, 7 ट्रैक्टर और 1 माजदा वाहन जब्त कर थाना सकरी, चकरभाठा, कोटा, सरकण्डा और जांच चौकी लावर में सुरक्षित रखा गया है। वहीं स्वीकृत क्षेत्र के बाहर रेत उत्खनन करते पाए जाने पर ग्राम सोढ़खुर्द और करहीकछार से दो पोकलेन मशीनें तथा चौरमट्टी क्षेत्र से मुरूम के अवैध उत्खनन में संलिप्त एक जेसीबी मशीन जब्त की गई।

खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में रेत, मुरूम और अन्य खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर द्वारा गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स टीम को भी लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS