Explore

Search

May 21, 2026 5:55 pm

फर्जी ई-वे बिल से चोरी का स्क्रैप खपाने वाले गिरोह का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

“आईपीएस शशि मोहन सिंह ने कहा कि फर्जी दस्तावेज बनाकर शासन को राजस्व नुकसान पहुंचाने और चोरी के माल के कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी”

छत्तीसगढ़।रायगढ़ पुलिस ने फर्जी ई-वे बिल बनाकर चोरी का स्क्रैप खपाने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि मुख्य आरोपी नीरज अग्रवाल फरार बताया गया है।

पुलिस के अनुसार थाना पुसौर क्षेत्र में दर्ज इस्तगासा क्रमांक 04/26 एवं 05/26 की जांच के दौरान 13 मार्च 2026 को ट्रक चालक सरोज भोई और कुबेर यादव से पूछताछ की गई। दोनों आरोपी ओडिशा के बलांगीर क्षेत्र से स्क्रैप लेकर रायगढ़ के पूंजीपथरा क्षेत्र जा रहे थे। जांच में प्रस्तुत टैक्स इनवॉइस और ई-वे बिल में गंभीर विसंगतियां पाई गईं। दस्तावेजों में माल डिस्पैच का स्थान अलग-अलग दर्शाए जाने पर पुलिस को स्क्रैप चोरी और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल का संदेह हुआ।

मामले में थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 79/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ओडिशा के भेडन थाना क्षेत्र स्थित मसौदी इंटरप्राइजेस पहुंची, जहां फर्म संचालक गुलाम हैदर और उसके भाई गुलाम मोहम्मद से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न कबाड़ व्यापारियों से स्क्रैप खरीदकर ओडिशा, रायगढ़ और रायपुर के व्यापारियों को भेजते थे। कई बार बिना वैध ई-वे बिल के भी माल परिवहन किया जाता था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पुसौर पुलिस द्वारा ट्रक पकड़े जाने के बाद रायगढ़ निवासी नीरज अग्रवाल के कहने पर रात में फर्जी ई-वे बिल तैयार कर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे गए थे, ताकि पुलिस और न्यायालय के समक्ष दस्तावेजों को वैध बताया जा सके। जांच में ई-वे बिल में समय संबंधी कूटरचना और जीएसटी चोरी के तथ्य भी सामने आए हैं।

पुलिस ने आरोपी गुलाम हैदर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन तथा मसौदी इंटरप्राइजेस से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। मामले में बीएनएस की धारा 336(3), 338, 340(2), 61 सहित अन्य धाराएं जोड़ी गई हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में सरोज भोई निवासी बरगढ़ (ओडिशा), कुबेर यादव निवासी महासमुंद, गुलाम हैदर और गुलाम मोहम्मद शामिल हैं। वहीं आरोपी नीरज अग्रवाल की तलाश जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS