“एसएसपी विजय अग्रवाल ने पुराने लंबित आपराधिक प्रकरणों का 15 दिवस के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने कहा। दुर्घटनाओं में जप्त वाहनों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत वाहन स्वामियों को सुपुर्दनामे एवं हिफाजतनामे पर सौंपने के दिए निर्देश”
दुर्ग।जिले में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के उद्देश्य से उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-06 में क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में एसएसपी विजय अग्रवाल ने अपराध नियंत्रण, वारंटियों की तामीली, निगरानी एवं गुंडा बदमाशों की सतत चेकिंग, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण तथा पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह एवं प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी विजय अग्रवाल ने निर्देशित किया कि सन 2000 से लंबित खात्मा एवं खारिजी प्रकरण, जिनका निराकरण न्यायालय स्तर पर लंबित है, उनका शीघ्र परीक्षण कर आवश्यक स्वीकृति प्राप्त की जाए। उन्होंने निगरानी एवं गुंडा बदमाशों का नियमित सत्यापन सुनिश्चित करने, बीट प्रभारियों द्वारा मासिक तथा थाना प्रभारियों द्वारा त्रैमासिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। साथ ही आरक्षक एवं प्रधान आरक्षकों को नियमित रूप से एबी नोटबुक संधारित करने कहा गया।
बैठक में स्थायी वारंटियों की तामीली को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि सभी बीट प्रभारियों को वारंट की प्रतियां उपलब्ध कराई जाएं तथा तामीली के प्रयासों की स्पष्ट जानकारी दर्ज की जाए। वारंटियों की सूची एवं फोटो थानों में प्रदर्शित करने तथा थाना एवं पेट्रोलिंग स्टाफ के संपर्क नंबर सार्वजनिक करने भी निर्देशित किया गया। आम नागरिकों द्वारा वारंटियों की सूचना देने पर इनाम संबंधी जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया।

एसएसपी विजय अग्रवाल ने पुराने लंबित आपराधिक प्रकरणों का 15 दिवस के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने कहा। दुर्घटनाओं में जप्त वाहनों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत वाहन स्वामियों को सुपुर्दनामे एवं हिफाजतनामे पर सौंपने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने प्रत्येक थाने में मालखाना रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखने, जप्त माल की जानकारी संधारित करने तथा शासकीय संपत्तियों का नियमानुसार पंजीयन एवं रिकॉर्ड अद्यतन रखने के निर्देश दिए। थाना परिसरों के प्रशासनिक एवं आवासीय भवनों की वर्तमान स्थिति का विवरण रजिस्टर में स्पष्ट रूप से दर्ज करने भी कहा गया।

बैठक में एसएसपी विजय अग्रवाल ने थाना आने वाले फरियादियों एवं पीड़ितों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने, उनकी शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुनने तथा प्रत्येक सूचना पर त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही विभागीय अनुशासन बनाए रखते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए गए।
प्रधान संपादक


