Explore

Search

May 12, 2026 6:01 pm

कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश

बिलासपुर, 12 मई 2026। जिला कार्यालय के मंथन सभा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर आईएएस संजय अग्रवाल ने जिलेभर से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

जनदर्शन में अवैध कब्जा, सीमांकन, महतारी वंदन योजना और दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना से जुड़े मामलों की अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं।

मस्तुरी विकासखंड के बेलपान गांव के ग्रामीणों ने आवेदन देकर आरोप लगाया कि गांव में स्थापित कालिन्दी इस्पात द्वारा भूजल का अत्यधिक दोहन किए जाने से जल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। वहीं ग्राम पोड़ी के किसानों ने बांधा जलाशय चौड़ीकरण कार्य में अधिग्रहित भूमि का मुआवजा वर्षों बाद भी नहीं मिलने की शिकायत की। कलेक्टर ने मामले को भू-अभिलेख शाखा को भेजते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जरहाभाठा निवासी अमीना बेगम ने निराश्रित पेंशन बंद होने की शिकायत करते हुए बताया कि उन्हें जीवित होने के बावजूद मृत घोषित कर पेंशन रोक दी गई है। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिले की विभिन्न शराब दुकानों में कार्यरत लगभग 150 सुरक्षा गार्डों ने पिछले दो माह से वेतन नहीं मिलने की शिकायत की। गार्डों ने ओवरटाइम भुगतान नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया। इस पर कलेक्टर ने आबकारी विभाग को जांच के निर्देश दिए।

ग्राम लमेर के युवा किसान भाग्योदय ने कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक अपनाने के लिए ड्रोन पायलट प्रशिक्षण और ड्रोन खरीदी पर सब्सिडी की मांग की। वहीं ग्राम पंचायत पाली (नवाडीह) के ग्रामीणों ने बस्ती के बीच लगाए गए बिजली खंभों का विरोध करते हुए सुरक्षा संबंधी खतरे की आशंका जताई। कलेक्टर ने मामले को टीएल पंजी में दर्ज कर बिजली विभाग से अगली बैठक में जवाब प्रस्तुत करने को कहा।

ग्राम खैरखुड़ी की संयोगिता भारद्वाज ने विधवा पेंशन और महतारी वंदन योजना का लाभ बंद होने से आर्थिक संकट की जानकारी दी। वहीं गढ़वट निवासी एवसराम कश्यप ने मोटराइज्ड ट्रायसायकल उपलब्ध कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।

कलेक्टर आईएएस संजय अग्रवाल ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS