Explore

Search

May 7, 2026 2:01 am

नवा रायपुर में 10 व 13 मई को आईपीएल मैच, तैयारियों पर मुख्य सचिव की सख्त निगरानी

रायपुर, 06 मई 2026।नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 10 एवं 13 मई को प्रस्तावित टाटा आईपीएल टी-20 मैचों के सफल आयोजन हेतु राज्य प्रशासन ने व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। मुख्य सचिव श्री विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात और मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद जिला प्रशासन एवं संबंधित एजेंसियां पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुट गई हैं, ताकि दर्शकों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

मैचों का कार्यक्रम

10 मई 2026 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम मुंबई इंडियंस तथा 13 मई 2026 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।

सुरक्षा व यातायात पर विशेष फोकस

मुख्य सचिव ने कहा कि मैचों के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। पुलिस कमिश्नर रायपुर को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। स्टेडियम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों की व्यापक व्यवस्था की जाएगी। पार्किंग और बैरिकेडिंग की जिम्मेदारी पुलिस, एनआरडीए तथा बीसीसीआई की संयुक्त टीम द्वारा संभाली जाएगी।

आपातकालीन सेवाओं की विशेष व्यवस्था

आपात स्थितियों से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस हेतु विशेष मार्ग निर्धारित किए जाएंगे। आयोजन के समन्वय के लिए कलेक्टर रायपुर की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है, जिसमें पुलिस, नगर निगम, खेल विभाग, परिवहन विभाग एवं एनआरडीए के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।

मूलभूत सुविधाओं के निर्देश

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने को कहा गया है। प्रशासन द्वारा सड़क, स्वास्थ्य एवं अन्य नागरिक सुविधाओं में पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा।बैठक में लोक निर्माण, पीएचई, खेल, ऊर्जा, परिवहन एवं पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही बीसीसीआई और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों ने भी अपनी तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS