Explore

Search

May 4, 2026 5:59 pm

अवैध मिट्टी उत्खनन पर कलेक्टर संजय अग्रवाल सख्त, 24 प्रकरणों में 9.27 लाख रुपये से अधिक की वसूली, निगरानी व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश

बिलासपुर, 4 मई 2026। जिले में अवैध मिट्टी उत्खनन और परिवहन पर कड़ी कार्रवाई करते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खनिज विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 24 प्रकरण दर्ज किए हैं। इन मामलों में कुल 9 लाख 27 हजार 663 रुपये की समझौता राशि वसूल कर शासकीय खनिज मद में जमा कराई गई है।

कलेक्टर अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर पूरी सख्ती बरती जाए और नियमित जांच अभियान चलाकर ऐसे मामलों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उनके मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा सतत निगरानी और निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है।

खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवैध उत्खनन के 8 मामलों में 6 लाख 50 हजार 783 रुपये तथा अवैध परिवहन के 16 मामलों में 2 लाख 76 हजार 880 रुपये की वसूली की गई है। जिले में गौण खनिज मिट्टी ईंट के कुल 29 उत्खनिपट्टा स्वीकृत हैं, जिनमें से 4 वर्तमान में लैप्स हो चुके हैं। शेष इकाइयों में पर्यावरणीय स्वीकृति एवं नियमानुसार संचालन सुनिश्चित कराया जा रहा है।

उप संचालक खनिज किशोर गोलघाटे ने बताया कि स्वीकृत पट्टों के अतिरिक्त पारंपरिक कुम्हार समुदाय को छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत सीमित छूट प्राप्त है। इसके अलावा ईंट निर्माण से संबंधित कोई नई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

कलेक्टर अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और राजस्व हानि रोकने के लिए निगरानी तंत्र को और मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि अवैध उत्खनन या परिवहन पाए जाने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।खनिज विभाग ने भी स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS