Explore

Search

April 25, 2026 1:46 am

मिशन कर्मयोगी-साधना सप्ताह में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर एसईसीएल देश के टॉप-10 संगठनों में शामिल

“सीएमडी हरीश दुहन ने कहा यह सम्मान पूरे एसईसीएल परिवार के लिए गर्व का विषय है और यह कर्मचारियों की सीखने की ललक एवं उत्कृष्टता के प्रति समर्पण को दर्शाता है”

बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड को मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत आयोजित साधना सप्ताह 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए देश के शीर्ष 10 परफॉर्मिंग संगठनों में स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि संगठन के क्षमता निर्माण और डिजिटल लर्निंग के क्षेत्र में निरंतर प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

इस उपलब्धि के लिए क्षमता निर्माण आयोग ने एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सीएमडी हरीश दुहन को प्रशंसा-पत्र प्रदान किया है। आयोग द्वारा जारी पत्र में एसईसीएल की सक्रिय भागीदारी, पाठ्यक्रमों की उच्च पूर्णता दर तथा कर्मचारियों के कौशल विकास के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की गई है।

प्रशंसा-पत्र के अनुसार, 2 से 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित साधना सप्ताह के दौरान एसईसीएल की प्रभावी सहभागिता और iGOT कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर व्यापक जुड़ाव, संगठन में निरंतर सीखने की संस्कृति को दर्शाता है। यह पहल कर्मचारियों में दक्षता वृद्धि और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि iGOT कर्मयोगी, भारत सरकार द्वारा विकसित एक डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य सरकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारियों को सतत् सीखने, कौशल उन्नयन और क्षमता निर्माण के लिए एकीकृत मंच उपलब्ध कराना है। एसईसीएल द्वारा इस प्लेटफॉर्म पर पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व सीएसआर जैसे विषयों पर विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि यह सम्मान पूरे एसईसीएल परिवार के लिए गर्व का विषय है और यह कर्मचारियों की सीखने की ललक एवं उत्कृष्टता के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी क्षमता निर्माण और डिजिटल लर्निंग को प्राथमिकता देता रहेगा।

एसईसीएल की यह उपलब्धि उसकी मूल कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड के उस व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप है, जिसमें एक जिम्मेदार और दक्ष संगठन के रूप में देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ बेहतर सार्वजनिक सेवा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS