Explore

Search

April 24, 2026 6:04 pm

जशपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 76 किलो से अधिक गांजा जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार

जशपुर, 24 अप्रैल 2026।जशपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तुमला थाना क्षेत्र में 76 किलो 940 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। कुल जब्ती की अनुमानित कीमत 49 लाख 17 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 23 अप्रैल की रात करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से दो कारों में भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर तुमला थाना पुलिस ने कोल्हेंझरिया और कोतबा चौकी की टीम के साथ मिलकर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध दो कारों एक बिना नंबर की सफेद मारुति ब्रेजा और दूसरी काले रंग की मारुति XL6 क्रमांक CG-14-MW-3300 को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान ब्रेजा कार से चार बोरियों में कुल 73 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 76 किलो 940 ग्राम पाया गया। पुलिस ने मौके से चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में युगल यादव (21), मोहित कुमार यादव (26), दीपक यादव (26) तथा एक 17 वर्षीय बालक शामिल है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा उड़ीसा से लाने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना तुमला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीन आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है, जबकि नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह भेजा जाएगा।कार्रवाई में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अपराध में संलिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS