Explore

Search

April 24, 2026 2:10 pm

पत्थलगांव में सड़क सुरक्षा को लेकर भव्य बाइक रैली, सैकड़ों लोगों ने हेलमेट पहनकर दिया जागरूकता का संदेश

पत्थलगांव। सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को पत्थलगांव शहर में भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली में प्रशासन, पुलिस विभाग, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। सैकड़ों महिला-पुरुषों ने हेलमेट पहनकर शहर के प्रमुख मार्गों पर बाइक रैली निकालते हुए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

रैली शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए मैरिज गार्डन पहुंचकर समाप्त हुई, जहां नगर पालिका अध्यक्ष संगीता सुदर्शन सिंह ने उपस्थित लोगों को हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने कहा कि जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए हेलमेट केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि सही तरीके से बांधकर पहनना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जिले में वर्ष 2025 में 79 तथा वर्ष 2026 में अब तक 82 लोग सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। चालू वर्ष में साढ़े तीन महीने के भीतर ही 29 लोगों की मृत्यु सड़क हादसों में हो चुकी है, जिनमें कई मामलों में नशे की स्थिति प्रमुख कारण रही है।

उन्होंने आमजन से नशे की हालत में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए राजवीर योजना की भी जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन प्रवीण गर्ग एवं एसडीओपी डॉ. ध्रुवेश जायसवाल ने किया।

रैली में डीएसपी ट्रैफिक के.आर. चौहान, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खोमराज ठाकुर, जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज, एसडीएम रितु राज सिंह बिसेन, तहसीलदार जयश्री राजन, तहसीलदार भीष्म पटेल, जनपद सीईओ हरजीत सिंह भाटिया, नगर पालिका अध्यक्ष संगीता सुदर्शन सिंह, टीआई विनीत पांडे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

विधायक गोमती साय ने भी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हेलमेट पहनना केवल कानूनी अनिवार्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का संकल्प है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा आईएसआई मार्क हेलमेट पहनें और तेज गति एवं लापरवाही से बचें।

नगरवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS