Explore

Search

April 24, 2026 1:31 pm

जमीन विवाद में वृद्ध महिला की हत्या, छाल पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाया अंधे कत्ल का मामला, शव जंगल से बरामद आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 24 अप्रैल। जिले के छाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेहरामार में जमीन विवाद के चलते एक वृद्ध महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंधे कत्ल की इस गुत्थी को चंद घंटों में सुलझाकर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह के अनुसार, ग्राम बेहरामार निवासी लोकनाथ राठिया ने 22 अप्रैल को थाना छाल में अपनी 70 वर्षीय मां केवला बाई राठिया के 4-5 दिनों से लापता होने की सूचना दी थी। उन्होंने अपने चचेरे भाई आशन राठिया पर जमीन विवाद के चलते अनहोनी की आशंका भी जताई थी। इसी दौरान बेहरामार-जामपाली पगडंडी मार्ग के जंगल क्षेत्र में दुर्गंध आने और शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां झाड़ियों के बीच गड्ढे में महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान केवला बाई राठिया के रूप में की गई।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी आशन राठिया का मृतिका से जमीन बंटवारे और बिक्री को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। 18 अप्रैल को महुआ बीनने के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसमें आरोपी ने हाथ-मुक्कों और लात-घूसों से हमला कर दिया, जिससे वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने शव को मोटरसाइकिल में लादकर जंगल में फेंक दिया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके।

थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर संदेही को हिरासत में लिया। सघन पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।

आरोपी आशन राठिया (36 वर्ष) निवासी बेहरामार को हत्या के अपराध क्रमांक 86/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना छाल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में पूरी कार्रवाई संपन्न हुई।

एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने कहा कि जमीन या पारिवारिक विवाद में हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। ऐसे जघन्य अपराधों पर पुलिस की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी और आमजन से विवादों का समाधान कानूनी प्रक्रिया के तहत करने की अपील की गई है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS