बिलासपुर । सीपत पुलिस ने ग्राम हिण्डाडीह में घटित चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई पूरी संपत्ति बरामद कर ली है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख 60 हजार रुपये है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में रामेश्वर यादव निवासी हिण्डाडीह रोहित दास मानिकपुरी उर्फ राहुल निवासी हिण्डाडीह शामिल हैं ।पुलिस ने आरोपियो से चोरी किये गए सोने का मंगलसूत्र हार लॉकेट झुमका चांदी के पायल करधन, चूड़ा, गौफला माला, बिछिया तथा नगद 14,000 रुपये नगद बरामद किया है ।
प्रकरण के संबंध में पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि प्रार्थिया श्यामकली मरावी निवासी हिण्डाडीह ने थाना सीपत में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 अप्रैल 2026 को वह अपने घर में ताला लगाकर गांव में आयोजित एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने पाया कि घर का ताला टूटा हुआ है और आलमारी से सोने-चांदी के जेवर एवं नगदी राशि चोरी हो चुकी है।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीपत पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान संदेह के आधार पर आरोपी रामेश्वर यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभ में उसने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सघन पूछताछ में उसने अपने साथी रोहित दास मानिकपुरी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों ने सूने मकान का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया और चोरी का सामान गांव के खार क्षेत्र में जमीन में छिपाकर रखा था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मौके से समस्त चोरी की गई सामग्री बरामद कर ली है ।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
प्रधान संपादक


