रायगढ़।जिले के पुलिस चौकी रैरूमाखुर्द क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राजकोट अमलझरिया में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने एक महिला की जान ले ली। गुस्से में आकर पति ने पत्नी के सिर पर लकड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने बताया कि अप्रैल को प्रार्थिया सुशीला कोरवा (35 वर्ष) ने चौकी रैरूमाखुर्द में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका देवर गणेश कोरवा (30 वर्ष) 17 अप्रैल को अपनी पत्नी सुकांति कोरवा (28 वर्ष) के साथ महुआ बीनने अमलझरिया गया था, लेकिन दोनों वापस नहीं लौटे। अगले दिन सुबह गणेश अकेले घर पहुंचा और घटना को लेकर भ्रामक जानकारी दी।
जांच के दौरान पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी पत्नी रास्ते में तालाब के पास नशे की हालत में सो गई थी। उसे उठाने के दौरान विवाद हुआ और गुस्से में आकर उसने पास में पड़ी बांस की लकड़ी से पत्नी के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विजय एक्का ने टीम के साथ तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी भी बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 98/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि क्षणिक आवेश में किया गया अपराध जीवनभर का पछतावा बन जाता है। कानून ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करता है, इसलिए किसी भी विवाद की स्थिति में संयम और समझदारी से काम लेना चाहिए।
प्रधान संपादक


