बिलासपुर।शहर के पुराना पावर हाउस से लालखदान ओवर ब्रिज तक चल रहे सड़क मरम्मत कार्य एवं जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई के कारण क्षेत्र में अव्यवस्था की स्थिति निर्मित हो गई है। धूल और बाधित यातायात से स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभयनारायण राय ने इस संबंध में प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लोक निर्माण विभाग सड़क निर्माण ठेकेदार एवं नगर निगम तोरवा जोन के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एक साथ सड़क के दोनों किनारों पर कार्य प्रारंभ कर उसे अधूरा छोड़ देने से स्थिति और गंभीर हो गई है, जिससे पूरा इलाका धूल-मिट्टी से प्रभावित हो रहा है।
अभयनारायण राय ने बताया कि पिछले 72 घंटों से पावर हाउस से देवरीखुर्द चौक तक यातायात लगातार बाधित हो रहा है। इस दौरान मौके पर केवल तोरवा पुलिस एवं यातायात विभाग के जवान व्यवस्था संभालते नजर आते हैं, जबकि संबंधित विभागों के अधिकारी एवं ठेकेदार मौके पर उपस्थित नहीं रहते।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में अधिकारियों को मौखिक रूप से अवगत करा दिया गया है। यदि 48 घंटे के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो क्षेत्र के व्यापारी एवं स्थानीय निवासी आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेंगे। उन्होंने चक्का जाम जैसे कदम उठाने की भी चेतावनी दी है।
स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर सड़क निर्माण कार्य को व्यवस्थित रूप से पूर्ण कराने तथा यातायात सुचारू करने की मांग की है।
प्रधान संपादक


