Explore

Search

April 4, 2026 1:32 pm

परिणाम आधारित कार्यप्रणाली पर जोर, प्रभारी सचिव ने की योजनाओं की समीक्षा, मैदानी क्रियान्वयन पर रहेगा फोकस, स्वयं करेंगे निरीक्षण

“बैठक की शुरुआत गृह विभाग की समीक्षा से,पोस्टमार्टम रिपोर्ट समय पर अपलोड के निर्देश ऑपरेशन मुस्कान और ऑपरेशन तलाश में बिलासपुर जिला प्रदेश में क्रमशः प्रथम और द्वितीय स्थान पर एसएसपी रजनेश सिंह ने दी जानकारी

बिलासपुर, 2 अप्रैल 2026। अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं जिले के प्रभारी सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने गुरुवार को मंथन सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, डीएफओ नीरज सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रभारी सचिव ने योजनाओं के क्रियान्वयन में केवल आंकड़ों तक सीमित न रहकर उनके वास्तविक परिणामों पर ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता का आकलन मातृ मृत्यु दर, शिशु मृत्यु दर और कुपोषण में कमी जैसे ठोस संकेतकों से किया जाना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि वे आगामी बैठक में योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन के प्रत्यक्ष परिणाम प्रस्तुत करें। श्री पिंगुआ ने कहा कि वे स्वयं भी क्षेत्र में जाकर योजनाओं का असर देखेंगे और कृषि व उद्यानिकी के सफल हितग्राहियों से मुलाकात करेंगे।

बैठक की शुरुआत गृह विभाग की समीक्षा से 

एसएसपी रजनेश सिंह ने अपराध नियंत्रण और नशे के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि ऑपरेशन मुस्कान और ‘ऑपरेशन तलाश में बिलासपुर जिला प्रदेश में क्रमशः प्रथम और द्वितीय स्थान पर रहा है। प्रभारी सचिव ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।

खाद्य विभाग ने गैस एवं पेट्रोलियम आपूर्ति को सुचारू बताया। टोल-फ्री नंबर पर प्राप्त 46 शिकायतों में से 43 का निराकरण किया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में गर्मी के मौसम को देखते हुए तैयारियों की जानकारी दी गई। सीएमएचओ ने 51 ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों के भवन निर्माण के प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी दी। साथ ही एचपीवी टीकाकरण अब जिला अस्पताल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी शुरू किया जा रहा है।

कृषि विभाग को खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा संभावित परिस्थितियों के मद्देनजर वैकल्पिक व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए। पीएचई विभाग को 143 समस्या-ग्रस्त गांवों में पेयजल व्यवस्था सुधारने को कहा गया। पशु चिकित्सा विभाग को बेसहारा पशुओं के लिए अधिक गोधन केंद्र खोलने के निर्देश दिए गए।

सड़क सुरक्षा पर प्रभारी सचिव ने कहा कि दुर्घटनाओं की रोकथाम केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की भी भागीदारी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से नियमों के पालन और जागरूकता बढ़ाने की अपील की।

महतारी वंदन योजना के तहत जिले में 4.09 लाख महिलाओं को लाभ मिलने की जानकारी दी गई। साथ ही सभी हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। बैठक में राष्ट्रीय जनगणना कार्य और राजस्व शिविरों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS