Explore

Search

April 2, 2026 1:22 am

रतनपुर में तलवार से हमला, वृद्ध महिला की मौत; मुख्य आरोपी गिरफ्तार, एसएसपी रजनेश सिंह ने किया खुलासा

रतनपुर, 01 अप्रैल 2026।थाना रतनपुर क्षेत्र में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक पक्ष द्वारा तलवार से किए गए हमले में 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित दो अन्य को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पेंडरवा निवासी सुरेश श्रीवास (46 वर्ष) अपने दो पुत्रों के साथ शाम करीब 6:30 बजे थाना रतनपुर पहुंचा था। इसी दौरान पीछे से आहत लोग वाहन में भरकर थाने पहुंचे और आरोप लगाया कि सुरेश श्रीवास व उसके पुत्रों ने उनके घर में घुसकर मारपीट की है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल रवाना किया।

घटनास्थल पर मौजूद पीड़ित शेख शब्बीर ने बताया कि मुख्य आरोपी सुरेश श्रीवास अपनी पूर्व पत्नी (जिससे 3-4 माह पूर्व तलाक हो चुका है) के संबंध को लेकर उसके छोटे भाई शेख सलीम पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। बुधवार को भी आरोपी घर पहुंचा और विवाद के दौरान तलवार से हमला कर दिया।

इस हमले में पीड़ित परिवार की मुराद बेगम (65 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया गया है कि घटना से एक दिन पूर्व पीड़ित परिवार की महिलाओं ने आरोपी को समझाने का प्रयास किया था, लेकिन आरोपी पक्ष ने उनकी बात नहीं मानी। इसके बाद महिलाएं थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत की थीं और पुलिस से हस्तक्षेप की मांग की थी। पुलिस द्वारा अगले दिन कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन उससे पहले ही यह घटना घटित हो गई।

एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी सुरेश श्रीवास और उसके दोनों पुत्रों को हिरासत में ले लिया गया है। प्रकरण में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS