महाराष्ट्र और अरुणाचल के धावकों ने बिखेरी स्वर्णिम चमक
रायपुर, 30 मार्च 2026। बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर के धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में सोमवार को चार दिवसीय खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले ही दिन देशभर से आए जनजातीय एथलीटों ने अपने दमदार प्रदर्शन से आयोजन को रोमांचक बना दिया। एथलेटिक्स स्पर्धाओं में विशेष रूप से 5000 मीटर दौड़ आकर्षण का केंद्र रही, जहां खिलाड़ियों के बीच सेकंड के सौवें हिस्से तक कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

पहले दिन 110 मीटर बाधा दौड़ (पुरुष एवं महिला) और 400 मीटर दौड़ (पुरुष एवं महिला) के प्रारंभिक दौर भी आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
पुरुष वर्ग में महाराष्ट्र का दबदबा

5000 मीटर पुरुष दौड़ में महाराष्ट्र के धावकों ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए शीर्ष दो स्थानों पर कब्जा जमाया। गोविंद प्रकाश पाडेकर ने 15:11.35 का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि उनके ही राज्य के सूरज जयराम माशी ने 15:11.64 के समय के साथ रजत पदक हासिल किया। मध्यप्रदेश के रंगलाल दोदियार ने 15:22.48 के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
महिला वर्ग में पूर्वोत्तर की चमक

महिला 5000 मीटर स्पर्धा में अरुणाचल प्रदेश की नेदी नगी ने 18:24.66 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। मध्यप्रदेश की आरती डावर ने 18:19.28 के समय के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि नागालैंड की टी. सूचोई टी. ने 18:35.68 के साथ कांस्य पदक जीता।
पदक तालिका में महाराष्ट्र शीर्ष पर

पहले दिन की समाप्ति के बाद पदक तालिका में महाराष्ट्र एक स्वर्ण और एक रजत के साथ शीर्ष स्थान पर है। अरुणाचल प्रदेश एक स्वर्ण पदक के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है। मध्यप्रदेश ने एक रजत और एक कांस्य के साथ तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि नागालैंड एक कांस्य के साथ चौथे स्थान पर है।

बस्तर की धरती पर शुरू हुआ यह खेल महाकुंभ आने वाले दिनों में और अधिक रोमांचक मुकाबलों का साक्षी बनेगा, जहां जनजातीय युवा अपनी खेल प्रतिभा से राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान बनाने को तैयार हैं।
प्रधान संपादक


