अभियान का उद्देश्य-सड़क दुर्घटनाओं में कमी, जान-माल की सुरक्षा और यातायात अनुशासन सुनिश्चित करना
रायपुर शहर में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नवरात्रि के पश्चात यातायात पुलिस द्वारा जांच अभियान में पुनः तेजी लाई गई है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला एवं पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल विकास कुमार के निर्देश पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, शराब के नशे में वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है, जिससे चालक स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के जीवन को भी जोखिम में डालता है।
इसी क्रम में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही जारी है। उल्लेखनीय है कि जनवरी 2026 से अब तक लगभग 1400 नशेड़ी वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही की जा चुकी है।

28 मार्च 2026 की रात्रि में एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व में शहर के आठ विभिन्न स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 137हन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाए गए, जिनके विरुद्ध चालान की कार्यवाही की गई है। सभी को सोमवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान किसी प्रकार के लक्ष्य टारगेट को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाने पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है।
आम नागरिकों से अपील
यातायात पुलिस रायपुर सभी वाहन चालकों से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं तथा जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।
प्रधान संपादक


