Explore

Search

March 29, 2026 7:15 pm

रायगढ़ में ‘ऑपरेशन आघात’ का असर: दो माह में 4.5 करोड़ के नशे की जब्ती,,2845 लीटर शराब, 100 किलो गांजा, 2963 किलो अफीम जब्त,394 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़।रायगढ़ जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन आघात के दो माह पूर्ण होने पर रायगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता दर्ज की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत अवैध शराब, गांजा और अफीम के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई की गई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के मुताबिक जारी आंकड़ों के अनुसार, बीते दो माह में कुल 4 करोड़ 50 लाख मूल्य के मादक पदार्थों की जब्ती की गई है।

इस दौरान 2845 लीटर अवैध शराब, 100 किलो से अधिक गांजा तथा 2963 किलो अफीम पौधों सहित बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 394 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

अवैध शराब के विरुद्ध चलाए गए अभियान में 357 प्रकरण दर्ज कर 367 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से 139 मामलों में 149 आरोपियों को आबकारी एक्ट की गैर-जमानती धाराओं के तहत न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। विशेष रूप से महुआ शराब के खिलाफ सख्ती बरतते हुए 2612 लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिससे सीमावर्ती ओडिशा से होने वाली तस्करी पर अंकुश लगा है।

वहीं गांजा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 16 मामलों में 27 तस्करों को गिरफ्तार कर 100 किलो से अधिक गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 25 लाख 50 हजार बताई गई है।

अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध भी पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए तमनार और लैलूंगा क्षेत्र में 4 प्रकरण दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन मामलों में 2963 किलो अफीम बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत करीब 4 करोड़ 18 लाख आंकी गई है।

इसके अलावा मादक पदार्थों के परिवहन में प्रयुक्त 24 वाहनों (21 दुपहिया एवं 3 चार पहिया) को भी जब्त किया गया है।

इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में किसी प्रकार की अवैध गतिविधि संचालित हो रही हो तो इसकी सूचना मोबाइल नंबर 9479193200 पर दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS