Explore

Search

March 23, 2026 10:12 pm

ड्रोन की पैनी नजर से टूटा अफीम नेटवर्क, रायगढ़ में 72 घंटे में तीन बड़ी कार्रवाई,हाईटेक निगरानी से दुर्गम इलाकों में भी पहुंचा प्रशासन, कई आरोपी गिरफ्तार

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों की खेती गंभीर अपराध है और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके”

रायगढ़, 23 मार्च 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में इस बार ड्रोन तकनीक प्रशासन के लिए सबसे बड़ा हथियार साबित हुई है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और एसएसपी शशि मोहन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पिछले 72 घंटे में ड्रोन सर्वे और सघन जांच के जरिए तीन बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम खेती के एक व्यापक नेटवर्क का खुलासा किया गया है।

प्रशासन के अनुसार, आधुनिक तकनीक की मदद से अब ऐसे दुर्गम और वन क्षेत्रों में भी निगरानी संभव हो सकी है, जहां पारंपरिक तरीकों से पहुंचना कठिन था। ड्रोन से मिली सटीक जानकारी के आधार पर टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध फसलों को चिन्हित किया और मौके पर ही नष्ट किया।

19 मार्च को तमनार क्षेत्र के आमाघाट में की गई कार्रवाई में सब्जी की खेती की आड़ में उगाई जा रही अफीम की फसल का खुलासा हुआ। यहां से 60,326 पौधे बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में झारखंड निवासी मुख्य आरोपी मार्शल सांगा को गिरफ्तार किया गया है। प्रशासन ने मौके पर फसल को उखाड़कर जेसीबी और रोटावेटर से खेत को पूरी तरह नष्ट कर दिया।

इसके बाद 23 मार्च को ड्रोन एवं भौतिक सर्वे के दौरान लैलूंगा क्षेत्र के नवीन घटगांव में भी अवैध खेती पकड़ी गई। यहां सादराम नाग द्वारा साग-भाजी के बीच अफीम उगाई जा रही थी। पुलिस ने फसल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं, अभिमन्यु नागवंशी के घर से अफीम की सूखी फसल बरामद की गई, जिसे साक्ष्य नष्ट करने से पहले ही जब्त कर लिया गया।

मुड़ागांव में भी ड्रोन सर्वे से मिले इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए तानसिंह नागवंशी से पूछताछ की गई, जिसमें संदिग्ध खेती के संकेत मिले हैं। उसके घर से पौधों के सूखे अवशेष जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं।

जिला प्रशासन ने बताया कि ड्रोन सर्वे अभियान के तहत खरसिया, घरघोड़ा, तमनार, लैलूंगा, मुकडेगा, रायगढ़, पुसौर और धरमजयगढ़ सहित कई अनुविभागों के दर्जनों गांवों में निगरानी की गई है। इस तकनीक के जरिए न सिर्फ संदिग्ध गतिविधियों की पहचान तेजी से हो रही है, बल्कि कार्रवाई भी अधिक प्रभावी और समयबद्ध बन रही है।

क्या कहा कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने

रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग कर अवैध गतिविधियों पर सख्ती से नियंत्रण किया जा रहा है। वहीं एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की अवैध खेती में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।अवैध मादक पदार्थों की खेती गंभीर अपराध है।उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह की किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत दें, ताकि तकनीक और जनसहयोग के माध्यम से जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS