Explore

Search

June 10, 2026 1:01 am

विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में शामिल हुए अमर अग्रवाल, बोले- मोदी सरकार के 12 वर्ष जनविश्वास और सुशासन की पहचान

बिलासपुर, 9 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण को समर्पित 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम, बिलासपुर में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अमर अग्रवाल शामिल हुए।

सम्मेलन में केंद्रीय राज्य मंत्री महिला एवं बाल विकास सावित्री ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू विधायक धरमलाल कौशिक विधायक धर्मजीत सिंह भूपेंद्र सवन्नी तथा राजा पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल क्रांति, आधारभूत संरचना विकास, आत्मनिर्भर भारत अभियान तथा वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा इस अवधि की प्रमुख उपलब्धियां हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।

अमर अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनभागीदारी के माध्यम से भारत को विश्व के अग्रणी विकसित देशों की श्रेणी में स्थापित किया जा सकता है।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की जन कल्याण योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS