Explore

Search

May 15, 2026 4:34 pm

37 नग बकरी-बकरा चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार ,गिरोह के अन्य सदस्य फरार

बिलासपुर।गांवों में दहशत फैलाने वाली 37 बकरी-बकरों की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए गिरोह के दो आरोपियों को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपी अभी फरार हैं। जांच में सामने आया है कि चोरी के पशुओं को काटकर तुरंत बाजार में खपाया जा रहा था।आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ग्राम सेवार एवं ग्राम सारधा से कुल 37 नग बकरी-बकरा चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चोरी से संबंधित 4000 रुपये की बिक्री राशि जब्त की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने चोरी किए गए पशुओं में से कुछ को काटकर स्थानीय स्तर पर बेच दिया था, जिससे यह मामला संगठित अपराध की ओर इशारा करता है।

गिरफ्तार आरोपियों में हेमराज उर्फ हेमू उर्फ राहुल साहू 18 वर्ष नजीर खान उर्फ मजीद खान 20 वर्ष शामिल है दोनों आरोपी थाना सरकंडा क्षेत्र के निवासी हैं।

घटना के संबंध में जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक प्रार्थी द्वारा 15 मार्च 2026 को थाना चकरभाठा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि अज्ञात चोरों ने ग्राम सेवार एवं ग्राम सारधा से 37 नग बकरी-बकरा चोरी कर लिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर तत्काल जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया, जिसमें संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

जप्त संपत्ति:

• चोरी किए गए पशुओं में से 4 नग बकरों को काटकर बिक्री की गई, जिसकी 4000 रुपये राशि बरामद

• कुल चोरी गई संपत्ति: 37 नग (16 बकरा, 15 बकरी, 06 पीठी), अनुमानित मूल्य 77,000 रुपये

दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेजा जा रहा है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सतत निगरानी रखी जा रही है तथा फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS