Explore

Search

June 24, 2026 5:08 am

महिला थाने के सामने पत्नी पर धारदार हथियार से हमला, जुर्म दर्ज

बिलासपुर। महिला थाने के ठीक सामने एक पति ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला किसी तरह जान बचाकर थाने पहुंची, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया।



जानकारी के अनुसार, मुंगेली जिले के संगवाकापा निवासी कामिनी कोसले रोजी-मजदूरी कर जीवन यापन करती हैं। वह अपने पति राकेश कोसले के साथ काम की तलाश में महाराष्ट्र के पुणे गई थी। बीते सप्ताह वह बिलासपुर लौटी और यहां अपनी बहन की बेटी पायल के साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि उसका पति आए दिन छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद करता था और उसे परेशान करता था। पति की प्रताड़ना से तंग आकर कामिनी अपनी बहन की बेटी के साथ महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने जा रही थी। इसी दौरान महिला थाने के पास ही आरोपी पति राकेश ने उसे रास्ते में रोक लिया। थाने में शिकायत करने की बात को लेकर उसने पहले गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने पास रखे धारदार हथियार से पत्नी के गले पर वार कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और काफी खून बहने लगा। इसके बावजूद उसने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह वहां से भागकर महिला थाना पहुंचकर अपनी जान बचाई। थाने में मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार किया गया। इलाज के बाद पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में आरोपी पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS