
“डीआईजी एवं एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि लूटपाट और मारपीट जैसी घटनाओं में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा”
रायगढ़ में लूटपाट की एक घटना में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम का कुछ हिस्सा बरामद कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी नितेश गुप्ता (28) निवासी ढिमरापुर प्यासा मैदान ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 17 मार्च की रात करीब 8 बजे वह बड़े रामपुर स्थित शासकीय विदेशी मदिरा दुकान से बीयर खरीदकर लौट रहा था। इसी दौरान रोड किनारे स्कूटी की डिक्की में बोतल रखते समय इंदिरानगर निवासी दो युवकों से उसका विवाद हो गया। विवाद के दौरान एक आरोपी ने बीयर की बोतल से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर उसकी स्कूटी की डिक्की खुलवाकर उसमें रखे 10 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 127/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को इंदिरानगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उनके कब्जे से लूट की रकम में से खर्च के बाद शेष 3,500 रुपये बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में मीर हसमत अली उर्फ राजा (28) और मोहम्मद अफसर (38), दोनों निवासी इंदिरानगर शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पूरे मामले में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उपनिरीक्षक ऐनु देवांगन, सहायक उपनिरीक्षक कोसो जगत सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रधान संपादक


