Explore

Search

March 13, 2026 10:38 am

एसएसपी की सराहनीय पहल: बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कसा शिकंजा, अपराध पर लगेगा अंकुश

“पेट्रोल पंपों को स्पष्ट निर्देश ,ऐसे वाहनों को पेट्रोल या डीजल की आपूर्ति न की जाए, जिनमें नंबर प्लेट नहीं लगी हो या जिनकी नंबर प्लेट ट्रैफिक नियमों के अनुरूप न हो”

बिलासपुर में सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। एसएसपी रजनेश सिंह की सख्ती और दूरदर्शी निर्णय के बाद अब बिना नंबर प्लेट वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए शहर में चलना आसान नहीं रहेगा। जिले के पेट्रोल पंपों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि ऐसे वाहनों को पेट्रोल या डीजल की आपूर्ति न की जाए, जिनमें नंबर प्लेट नहीं लगी हो या जिनकी नंबर प्लेट ट्रैफिक नियमों के अनुरूप न हो।

यह पहल इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि अपराध की कई घटनाओं में ऐसे ही वाहनों का इस्तेमाल होता रहा है, जिनकी पहचान करना मुश्किल होता है। सीसीटीवी कैमरों से बचने और वारदात के बाद आसानी से फरार होने के लिए अपराधी अक्सर बिना नंबर या गलत नंबर प्लेट वाले वाहनों का सहारा लेते हैं। ऐसे में एसएसपी का यह कदम अपराधियों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।

पेट्रोल पंपों को सख्त निर्देश

एसएसपी ने जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया है कि बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को किसी भी स्थिति में ईंधन उपलब्ध न कराया जाए। यदि कोई वाहन संदिग्ध लगे या उसमें नंबर प्लेट नहीं हो, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। इस व्यवस्था से न केवल ट्रैफिक नियमों के पालन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि अपराधियों की गतिविधियों पर भी अंकुश लगेगा।

ट्रैफिक नियमों का पालन भी होगा सुनिश्चित

इस अभियान में यातायात विभाग भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। राम गोपाल करियारे के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस लगातार निगरानी कर रही है कि वाहन चालक नियमों के अनुरूप नंबर प्लेट का उपयोग करें। नियमों के विपरीत डिजाइन, स्टाइल या अस्पष्ट नंबर लिखने वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

आम लोगों से सहयोग की अपील

एसएसपी रजनेश सिंह का मानना है कि इस पहल को सफल बनाने के लिए आम नागरिकों और पेट्रोल पंप संचालकों का सहयोग बेहद जरूरी है। यदि समाज और प्रशासन मिलकर काम करें, तो अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम कदम

शहर में बढ़ती सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी निगरानी के बीच यह निर्णय अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है। उम्मीद की जा रही है कि एसएसपी रजनेश सिंह की यह पहल न केवल ट्रैफिक अनुशासन को मजबूत करेगी, बल्कि अपराधियों की धरपकड़ में भी पुलिस को बड़ी सफलता दिलाएगी।

इस अभियान को लेकर शहर में चर्चा तेज है और लोग इसे कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम मान रहे हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS