Explore

Search

March 7, 2026 2:53 pm

खुद को क्राइम ब्रांच का जवान बताकर रिटायर्ड कर्मचारी से ठगी, सोने के जेवर ले भागे बदमाश

बिलासपुर। सिविल लाइन क्षेत्र में बदमाशों ने खुद को क्राइम ब्रांच का जवान बताकर रिटायर्ड कर्मचारी को डराया और सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत तालापारा कुम्हारपारा निवासी हरि प्रसाद पटेल रिटायर्ड कर्मचारी हैं। बुधवार दोपहर वे अपने बेटे को उसकी दुकान मिलन किराना स्टोर में भोजन देकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। करीब तीन बजे जब वे समता कॉलोनी में डॉ. गहलोत के मकान के पास पहुंचे थे। तभी काले रंग की बाइक पर सवार दो युवक पीछे से आए और उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने रौब दिखाते हुए खुद को क्राइम ब्रांच का जवान बताया और सिग्नल तोड़कर भागने का आरोप लगाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से हरि प्रसाद घबरा गए। इसी दौरान बदमाशों ने पास से गुजर रहे एक अन्य स्कूटी सवार को भी रोक लिया। आरोपी युवकों ने उसके साथ मारपीट का नाटक करते हुए थप्पड़ मारा और लूटपाट होने की बात कहकर सावधान रहने की हिदायत दी। इसके बाद उसकी सोने की चेन उतरवाकर कागज में लपेटते हुए उसे लौटा दी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों को लगे कि वे वास्तव में पुलिसकर्मी हैं। इसके बाद आरोपियों ने हरि प्रसाद पटेल को भी डराते हुए उनके गले से करीब तीन तोला वजनी सोने की चेन और लगभग तीन ग्राम की सोने की अंगूठी उतरवा ली। बदमाशों ने जेवरों को एक कागज में लपेटकर उनकी थैली में रख दिया और यह कहते हुए वहां से चले गए कि आगे जांच होगी। कुछ दूर जाने के बाद हरि प्रसाद को संदेह हुआ। उन्होंने थैली से कागज की पुड़िया निकालकर देखी तो उनके होश उड़ गए। सोने के जेवरों की जगह उसमें पत्थर रखे हुए थे। ठगी का अहसास होते ही उन्होंने तुरंत अपने परिजन को इसकी जानकारी दी और सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS