बिलासपुर। सीपत क्षेत्र के ग्राम कौड़िया में आयोजित मेले से लौट रहे युवकों की दो बाइक आमने-सामने भिड़ गईं। इस भीषण हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन घायलों को मालवाहक वाहन में भरकर सीपत स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन यहां उपचार शुरू होने में करीब दो घंटे की देरी हो गई। समय पर इलाज नहीं मिलने और अत्यधिक रक्तस्त्राव के चलते एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है।

मिली जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के पिपरसती निवासी मोहर पाल (28) पेशे से किसान थे। रविवार को वे अपने साथियों के साथ कौड़िया मेला घूमने आए थे। दोपहर लगभग दो बजे उनकी बाइक सामने से आ रही एक अन्य बाइक से टकरा गई। हादसे में मोहर पाल और जांजी निवासी अमन सोनवानी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद परिजन और ग्रामीण दोनों को मालवाहक वाहन से सीपत अस्पताल लेकर पहुंचे।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी घायलों को तत्काल उपचार नहीं मिला। दोनों युवक करीब दो घंटे तक वाहन में ही तड़पते रहे। हालत बिगड़ती देख परिजन निजी वाहन की व्यवस्था कर उन्हें सिम्स, बिलासपुर लेकर पहुंचे। सिम्स में दोनों को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्त्राव के कारण मोहर पाल की जान नहीं बचाई जा सकी। अमन सोनवानी का इलाज जारी है। घटना को लेकर परिजनों ने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हादसे की सूचना मिलने पर सीपत थाना पुलिस अस्पताल पहुंची थी और पूछताछ भी की, लेकिन जब घायलों को तत्काल बड़े अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिस वाहन की मांग की गई तो जवानों ने निजी वाहन से ले जाने की बात कह दी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने वाहन व्यवस्था में कोई मदद नहीं की और वहां से चली गई। मामले की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया है।
प्रधान संपादक


