Explore

Search

September 6, 2026 10:47 am

शराब पीकर वाहन चलाने के खिलाफ चेतना अभियान बिलासपुर पुलिस की भावनात्मक अपील

संदेश में लिखा गया है पापा, हम घर पर आपका इंतज़ार कर रहे हैं… सुरक्षित आइए

एसएसपी ट्रैफ़िक रामगोपाल करियारे बोले एक लापरवाही कई ज़िंदगियों को कर सकती है तबाह,सजग रहे नशे से दूर रहें

बिलासपुर।सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बिलासपुर यातायात पुलिस द्वारा “चेतना” अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने के विरुद्ध एक प्रभावशाली और भावनात्मक दैनिक यातायात संदेश जारी किया गया है।

यातायात पुलिस द्वारा प्रसारित संदेश में कहा गया है कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह चालक सहित सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। संदेश में लिखा गया है पापा, हम घर पर आपका इंतज़ार कर रहे हैं… सुरक्षित आइए।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस रजनेश सिंह ने कहा कि शराब के नशे में वाहन चलाने से दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। एक क्षण की लापरवाही किसी मासूम की जान ले सकती है और पूरे परिवार का भविष्य अंधकार में चला जाता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

वहीं एएसपी यातायात रामगोपाल करियारे ने बताया कि बिलासपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर नियमित रूप से चेकिंग अभियान, जन-जागरूकता संदेश और नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।

बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं परिवार और समाज की जिम्मेदारी समझें तथा अतुलनीय बिलासपुर सुरक्षित बिलासपुर के संकल्प को साकार करने में सहयोग करें। पुलिस ने दोहराया कि वह आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS