Explore

Search

October 13, 2026 4:51 am

बरात में पटाखा फोड़ने पर बवाल, युवक पर चाकू से हमला, एक गंभीर

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़वट में मंगलवार देर रात बरात के दौरान पटाखा फोड़ने की बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में गांव का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई और ग्रामीणों ने बरातियों को रोक लिया। देर रात तक पुलिस दोनों पक्षों को समझाइश देती रही।

जांजगीर-चांपा जिले के बनारी निवासी अभय धीवर की बरात मंगलवार रात ग्राम गढ़वट पहुंची थी। रात करीब 11 बजे बराती नाचते-गाते दुल्हन के घर के पास पहुंचे। इसी दौरान किसी ने बरातियों और ग्रामीणों के बीच पटाखा फोड़ दिया। पटाखे की आवाज को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। विवाद के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने गांव के त्रिलोक धीवर पर चाकू से हमला कर दिया। युवक को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज जारी है। चाकूबाजी की सूचना मिलते ही गांव के लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने बरातियों को घेर लिया। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक हमलावर की पहचान कर उसे सामने नहीं लाया जाता, तब तक बरातियों को नहीं जाने दिया जाएगा। इसी दौरान बरातियों के वाहनों की चाबियां भी ग्रामीणों ने अपने पास रख लीं। बरातियों ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद गांव वाले उग्र जरूर थे, लेकिन किसी बराती से मारपीट या अभद्र व्यवहार नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना था कि हमला करने वाला व्यक्ति सफारी सूट में था। उसके सामने आने पर बरातियों को ससम्मान जाने दिया जाएगा। सूचना मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। देर रात तक गांव में पुलिस की मौजूदगी बनी रही। पुलिस मामले की जांच कर हमलावर की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS