संचालक व मैनेजर हिरासत में, अनैतिक व्यापार अधिनियम के तहत मामला दर्ज
बिलासपुर। स्पा सेंटर में काम करने वाली एक युवती को संचालकों द्वारा देह व्यापार में धकेलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के काम छोड़ने पर स्पा संचालकों ने उसका छह महीने का वेतन भी नहीं दिया। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने स्पा संचालक और मैनेजर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि सरगुजा जिले की रहने वाली युवती करीब आठ माह पहले रोजगार की तलाश में बिलासपुर आई थी। शहर में इधर-उधर काम ढूंढने के बाद वह सत्यम चौक के पास स्थित आइवेरी स्पा सेंटर में काम करने लगी। स्पा की संचालक पूजा ढकाल और मैनेजर नीरू तमांग ने युवती को यह कहकर काम पर रखा कि घर जाने पर एक साथ पूरी रकम दे दी जाएगी। इसके चलते वे हर माह उसे केवल जरूरत के अनुसार कुछ रुपये देते रहे और शेष वेतन अपने पास रख लिया। पीड़िता के अनुसार, जब उसने अपने पूरे पैसे वापस मांगे और घर लौटने की इच्छा जताई, तो उसे जबरन देह व्यापार के लिए मजबूर किया गया। अपने मेहनत के पैसे पाने की मजबूरी में युवती ने एक बार उनकी बात मान ली, लेकिन इसके बाद भी संचालकों ने उसका वेतन नहीं दिया। लगातार शोषण और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 143(1)(2), 296, 351(3), 3(5) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3(5) के तहत जुर्म दर्ज किया है। पुलिस ने स्पा संचालक पूजा ढकाल और मैनेजर नीरू तमांग को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
संदिग्ध गतिविधियों की लगातार मिल रही शिकायतें
शहर के विभिन्न इलाकों में संचालित कई स्पा सेंटरों को लेकर पुलिस को लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिलती रही हैं। कुछ स्थानों पर स्पा की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित किए जाने की आशंका जताई गई है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी स्पा सेंटरों की नियमित जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी स्पा सेंटर में अवैध या अनैतिक गतिविधियां पाई जाती हैं, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में पुलिस टीम द्वारा शहरभर में स्पा सेंटरों की नियमित चेकिंग की जा रही है।
प्रधान संपादक


