बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र अंतर्गत पूजा पार्क मुक्तिधाम के पास स्थित डॉक्टर के मकान में पुराना ड्राइवर द्वारा चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने घर की चाबी रखने की जानकारी का फायदा उठाकर दिनदहाड़े मकान में घुसकर नकदी पर हाथ साफ किया और फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सरकंडा के मुक्तिधाम के पास स्थित पूजा पार्क में रहने डॉक्टर श्रीश कुमार मिश्रा (48) जूना बिलासपुर स्थित लाइफ केयर हॉस्पिटल में डॉक्टर हैं। उन्होंने बताया कि लगभग दो वर्ष पहले अमेरी के शैलेंद्र नगर में रहने वाले विपिन मसीह उनके यहां कार ड्राइवर था। बाद में गलत हरकतों के चलते उसे काम से हटा दिया गया था। डॉ. मिश्रा ने बताया कि गुरुवार की सुबह करीब 11.30 बजे अपने घर में ताला लगाकर ड्यूटी पर चले गए थे। घर में उस समय कोई मौजूद नहीं था। घर का मुख्य दरवाजा बंद कर चाबी दरवाजे के बाहर बने दराज में रखी गई थी, जिसकी जानकारी पूर्व चालक विपिन मसीह को पहले से थी। डॉ. मिश्रा के ड्यूटी पर जाने के कुछ समय बाद उनकी पत्नी डॉ. प्रिया मिश्रा ने उन्हें मोबाइल फोन पर सूचना दी कि घर का दरवाजा अंदर से बंद है और वह खुल नहीं रहा है। इस पर डॉ. प्रिया मिश्रा ने आसपास के लोगों को बुलाया। मौके पर कॉलोनी का गार्ड और अन्य रहवासी पहुंचे। सभी की मदद से दरवाजे को धक्का देकर खोला गया। दरवाजा खुलने पर अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। घर के भीतर डॉ. मिश्रा का पुराना चालक विपिन मसीह मौजूद था, जो ताले को खोलकर चोरी की नीयत से घर में घुसा हुआ था। लोगों को देख आरोपी मौके से भाग निकला। इसके बाद घर के सामान की जांच की गई, जिसमें पाया गया कि घर के अंदर खूंटी पर टंगे पर्स से करीब आठ 890 रुपये गायब हैं। डॉ. मिश्रा ने बताया कि जब वे घर पहुंचे, तब तक आरोपी विपिन मसीह फरार हो चुका था। उन्होंने बताया कि आरोपी को पहले से यह जानकारी थी कि घर की चाबी कहां रखी जाती है, जिसका उसने गलत फायदा उठाया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने इसी जानकारी के आधार पर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद सरकंडा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपी विपिन मसीह के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
प्रधान संपादक


